logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

निपुण भारत कार्यक्रम के तहत सिद्धार्थनगर में बच्चों को शैक्षणिक डेस्क व इनोवेटिव बैग वितरित

निपुण भारत कार्यक्रम के तहत सिद्धार्थनगर में बच्चों को शैक्षणिक डेस्क व इनोवेटिव बैग वितरित

जय प्रकाश त्रिपाठी
जिला संवाददाता, सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर, 28 फरवरी 2026। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निपुण भारत कार्यक्रम 2023 के अंतर्गत शिक्षा और स्वास्थ्य को सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने की दिशा में जनपद के विकास खण्ड नौगढ़, जोगिया, उसका, बर्डपुर, लोटन, शोहरतगढ़ एवं बढ़नी में अध्ययनरत बच्चों को शैक्षणिक डेस्क एवं इनोवेटिव स्कूल बैग का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बृजलाल एवं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के उपक्रम हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत कार्यदायी संस्था यूनिसेड इनोवेशन द्वारा किया गया। इस पहल का उद्देश्य जनपद के बच्चों के शिक्षा एवं स्वास्थ्य स्तर को बेहतर बनाना है।
बताया गया कि यूनिसेड संस्था विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के 22 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में विभिन्न आईआईटी संस्थानों के सहयोग से सामुदायिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार कर रही है। इसी क्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर द्वारा विकसित विशेष शैक्षणिक डेस्क तथा पेटेंट संख्या 287945 से युक्त इनोवेटिव स्कूल बैग का वितरण राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को किया जा रहा है।
अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कहा कि एचपीसीएल के CSR एवं यूनिसेड संस्था के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय और लाभकारी है। उन्होंने कहा कि सही तरीके से बैठकर पढ़ने-लिखने की व्यवस्था से बच्चों की रीढ़, मस्तिष्क एवं आंखों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत वितरित डेस्क और बैग बच्चों के लिए विद्यालय एवं घर दोनों स्थानों पर उपयोगी सिद्ध होंगे। इससे बच्चों के पढ़ने-लिखने का समय बढ़ेगा तथा गलत बैठने की आदत से होने वाली समस्याओं—जैसे रीढ़ की हड्डी का गलत संरेखण, गर्दन, कंधे एवं पीठ दर्द, आंखों में तनाव, धुंधली दृष्टि, सिरदर्द एवं रक्त संचार में कमी—से बचाव में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

13
1328 views

Comment