पटना में होली पर सख्ती: शराब-डीजे पर बैन, सभा-जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य; ड्रोन से होगी निगरानी..
पटना में आगामी होली, रमजान और ईद को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
रेंज आईजी जितेंद्र राणा ने शनिवार को सभी एसपी के साथ समीक्षा बैठक कर विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने संवेदनशील और सांप्रदायिक रूप से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। इन इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित, लाइसेंस के बिना नहीं होगा जुलूस
होली के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार की सभा या जुलूस निकालने के लिए पहले पुलिस से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस आयोजन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें और संवेदनशील स्थलों की निगरानी स्वयं करें। किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का आदेश दिया गया है।
अपराधियों पर विशेष नजर
जेल से छूटे कुख्यात अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान तेज करने और आवश्यक होने पर इश्तेहार व कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई
संवेदनशील स्थलों पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी कैंप कोर्ट लगाकर बीएनएसएस की धारा 126 और 135 के तहत निरोधात्मक और बंधपत्र की कार्रवाई करेंगे।
शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई
अवैध शराब के परिवहन और भंडारण पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। सीमावर्ती इलाकों के चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। शहरी क्षेत्रों में भी चेकिंग तेज कर दी गई है। शराब तस्करी में पहले से संलिप्त आरोपितों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक लगातार गश्त की जाएगी, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।