गोरखपुर में सौतेली मां बनी हैवान, 3 साल की मासूम की कुल्हाड़ी से हत्या; तंत्र-मंत्र के एंगल से जांच...
गोरखपुर जिले के पिपराइच क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सौतेली मां ने कथित तौर पर अपनी तीन साल की मासूम बेटी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक बच्ची के पिता की दूसरी पत्नी पूजा मौर्य पर हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि वारदात घर के अंदर हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, कमरे में पूजा स्थल होने और कुछ संदिग्ध वस्तुएं मिलने के बाद तंत्र-मंत्र या बलि की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।