अबीर-गुलाल और फगुआ गीतों के साथ होली मिलन समारोह मनाया गया
भोजपुर, 3 मार्च 2026।
जिले के बागर गांव में सोमवार की संध्या को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के सैकड़ों ग्रामीणों, युवाओं और श्रोताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
बक्सर मठ के महंत वेंकटेश्वर शर्मा के निवास स्थान पर आयोजित समारोह की शुरुआत पारंपरिक होली गीतों और अबीर-गुलाल के साथ हुई। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं ने नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं गायकों ने फगुआ गीत गाकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित बुजुर्गों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से गांव में आपसी प्रेम और सौहार्द बढ़ता है। यह हमारी वर्षों से चली आ रही परंपरा है। त्यौहार के समय बच्चों के लिए भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की आवश्यकता है, जिनमें विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाना चाहिए।
समारोह के अंत में सभी के बीच मिष्ठान और ठंडाई वितरित की गई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।