घटना स्थल कल्याणपुर थाना अखण्ड नगर, जिला सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश 228171
अखण्डनगर थाना क्षेत्र में रविवार को हुई मार-पीट एवं गोलीकांड मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार, एक सप्ताह की न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
अखण्डनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में रविवार को दिन में हुई मार-पीट एवं गोलीकांड के मामले में पीड़ित जिला जीत यादव पुत्र राम मेर यादव ने नौ नाम जद एवं कुछ अज्ञात के विरुद्ध गम्भीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था, जिसमें पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज कुछ घंटों के भीतर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां लंबी बहस के बाद देर शाम न्यायालय ने सभी आरोपियों को एक सप्ताह की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
घटना में मारपीट और फायरिंग के दौरान कई लोग घायल हुए हैं। घायल विपुल यादव और उनकी मां कमलेश देवी का इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। वहीं प्रांकुर यादव और संजय यादव पुत्र चन्द्रजीत का उपचार टण्डा पीजीआई, अम्बेडकरनगर में किया जा रहा है। इसके अलावा रोशनी और उसकी मां शोभावती पत्नी चन्द्रजीत यादव का इलाज जिला अस्पताल अम्बेडकरनगर में जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार विपुल यादव, प्रांकुर यादव, संजय कुमार यादव और रोशनी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों की हालत को लेकर परिजन संतोषजनक स्थिति नहीं बता रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। इलाके में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन घटनास्थल और थाने के आसपास सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं बाजारों और चौराहों पर इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।