रामपुर दौरे पर कांग्रेस नेता अजय राय, आज़म खान के आवास पहुंचकर तंजीन फातिमा से की मुलाकात, ईद की दी मुबारकबाद
रामपुर। जनपद रामपुर में आज उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व सदस्य एवं भारतीय नेशनल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय के आगमन पर राजनीतिक एवं सामाजिक हलकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश विधान सभा के पूर्व सदस्य एवं भारतीय नेशनल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय के दौरे के दौरान अजय राय पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान उन्होंने पूर्व सांसद डॉ. तंजीन फातिमा से मुलाकात कर आज़म खान के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुलाकात के दौरान राजनीतिक विषयों के साथ-साथ क्षेत्रीय हालात एवं सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
ईद के पावन अवसर पर अजय राय ने तंजीन फातिमा सहित समस्त जनपदवासियों को हार्दिक मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम, त्याग और समर्पण का संदेश देता है तथा यह हमारी गंगा-जमुनी तहजीब और साझा सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे पर्व समाज में एकता और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
अजय राय ने आगे कहा कि वर्तमान समय में समाज को आपसी सौहार्द और भाईचारे की सबसे अधिक आवश्यकता है और ऐसे अवसर हमें एक-दूसरे के करीब लाने का काम करते हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे मिलजुलकर समाज में शांति, सद्भाव और एकता बनाए रखें।
इस अवसर पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक एवं अन्य गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अजय राय के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के दौरान पूरे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसने जनपद में सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का सशक्त संदेश दिया।