दिल्ली के दयालपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में सनसनी
राजधानी दिल्ली। राजधानी दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हाफ़िज़-ए-क़ुरान सुब्हान मलिक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
परिवार के अनुसार, सुब्हान मलिक सोमवार रात करीब 8 बजे घर से बाहर गया था। देर रात लगभग 11 से 11:30 बजे के बीच परिजनों को सूचना मिली कि उस पर कुछ अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है और पुलिस उसे अस्पताल ले गई है। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता दिलशाद मलिक का कहना है कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 3-4 लड़कों ने किसी बहाने से उसे घर से बाहर बुलाया और फिर सुनियोजित तरीके से चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस वारदात में कुछ नाबालिगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, परिजनों ने इस जघन्य घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई और सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।