पटना में वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक, इलाज के दौरान मौत
पटना। पटना से एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां पटना से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना बाढ़ रेलवे स्टेशन की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उक्त व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर मौजूद था और गुटखा खा रहा था। इसी दौरान वह ट्रैक की ओर गया और गुटखा थूकने लगा। तभी दूसरी ओर से तेज रफ्तार में वंदे भारत एक्सप्रेस आ रही थी। ट्रेन के चालक द्वारा लगातार हॉर्न बजाने के बावजूद उसने कोई ध्यान नहीं दिया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया।
हालांकि, इलाज के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े वीडियो भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।