सहारा पीड़ितों के समर्थन में झारखंड सरकार, मुआवजे हेतु आयोग गठन की तैयारी; सर्वोच्च न्यायालय में लड़ी जाएगी लड़ाई: अरूप चटर्जी
निरसा (धनबाद), नौशाद अली ,29 मार्च।
विश्व भारती जनसेवा संस्थान के प्रधान कार्यालय, नियामत होल्ड रोड, गुलज़ार नगर, निरसा में संस्था की प्रथम केंद्रीय कार्य समिति का चुनाव संपन्न हुआ। कार्यक्रम में झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र,उड़ीसा,उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सहारा समूह से जुड़े जमाकर्ताओं के मुद्दे पर महत्वपूर्ण वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार सहारा पीड़ितों के साथ पूरी तरह खड़ी है तथा राज्य सरकार मुआवजा दिलाने के लिए एक आयोग के गठन की प्रक्रिया में है। उन्होंने बताया कि यह आयोग उन जमाकर्ताओं एवं अभिकर्ताओं के परिवारों को राहत दिलाने का कार्य करेगा, जिनकी मृत्यु सहारा समूह से भुगतान न मिलने के कारण हुई है।
विधायक ने आगे कहा कि प्रस्तावित आयोग माननीय सर्वोच्च न्यायालय में अंतरिम आवेदन के माध्यम से भी पीड़ितों के भुगतान के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वे लगातार सहारा पीड़ितों की सहायता कर रहे हैं और हाल ही में झारखंड विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है।
चुनाव प्रक्रिया के पश्चात संस्था के विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को सशक्त बनाने तथा सहारा पीड़ितों को उनका धन वापस दिलाने के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि देशभर के करोड़ों जमाकर्ताओं को न्याय दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर प्रयासरत रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का भी सहारा लिया जाएगा।
अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई तथा संगठन के विस्तार एवं सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर नागेंद्र कुमार कुशवाह,अशोल राम,सुनील,जितेंद्र आकरे,संजीत मोदी,नौशाद अली,दीपेश, अब्दुल जब्बार,राममनोहर कुशवाहा समीर चंद्रा,आदि मौजूद थे।