हनुमान जयंती पर पूजन, झांकियां रही आकर्षक
बालोतरा शहर के हनुमान मंदिरों में गुरुवार को हनुमान जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। अलसुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही।
शहर के नया चोंच मंदिर, छतरियों का मोर्चा बालाजी मंदिर, मुख्य बाजार दो मुखी बालाजी मंदिर, रेलवे संकट मोचन बालाजी मंदिर, खेड़ रोड हनुमान नाडी, पचपदरा रोड धोरा नाडी, खेड़ तीर्थ स्थल संकट मोचन बालाजी मंदिर सहित अन्य कई मंदिरों में विराजित हनुमान की प्रतिमाओं का मोर मुकुट, माली पन्ना, फूल मालाओं नवीन वस्त्रों आभूषणों से मन मोहक रूप में प्रतिमाओं को सजाया गया। प्रातः काल से दर्शन को लेकर घरों से मंदिरों की और रुख करते नजर आए। वहीं शहर के कई हनुमान मंदिरों में विहिप सत्संग मंडली की ओर से संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया। श्रद्धालुओं ने जयंती महोत्सव पर पूजा अर्चना कर भोग लगाया।
शहर के समदड़ी रोड राम नगर स्थित हनुमान जयंती को लेकर महंत अमरदास महाराज के सानिध्य में हनुमान बगेची मित्र मंडल के बैनर तले श्रद्धालुओं का मेला लगा। मेले के दौरान आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोहा। जयंती के उपलक्ष्य में पूर्व रात्री को स्थानीय गायक रामेश्वर माली, हर्ष माली, छगन माली सहित कई स्थानीय भजन गायकों ने बालाजी महाराज के भजनों की प्रस्तुतियां दी। गुरुवार को हनुमान बगेची में मेला रहा मेले में आकर्षक झांकियां गणेश रिद्धि सिद्धि, राम दरबार, नृसिंह अवतार, शिव पार्वती, राधा कृष्णा, प्रेमानंद महाराज, प्राचीन भारतीय संस्कृति व पश्चिमी राजस्थान परिवेश, स्वर्गद्वार चित्रगुप्त का बही खाते में हिसाब सहित वानर सेना की झांकियां आकर्षण का केंद्र रही।