ग्रामीणों को सड़क का इंतजार: देउर कोठार गांव अब भी मुख्य मार्ग से कटा हुआ है
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के त्योंथर तहसील अंतर्गत ग्राम देउर कोठार आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। गांव के लिए मुख्य मार्ग से सीधी सड़क की व्यवस्था आज तक नहीं हो सकी है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ऐसे हालात में बाजार, स्कूल या अस्पताल तक पहुंचना लगभग असंभव हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उन्हें बाहर जाना भी पड़े, तो करीब 10 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर ही मुख्य मार्ग तक पहुंचना संभव होता है। यह न केवल समय की बर्बादी है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जान जोखिम में डालने जैसा है।
गांववासियों ने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि सरकार की योजनाएं कागजों तक ही सीमित नजर आ रही हैं।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द देउर कोठार गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके और उनका जीवन सुगम हो सके।
— राहुल सिंह चौहान