गोंडा में युवती के हत्या का खुलासा, रील बनाने के लिए बुलाकर प्रेमी ने बेवफाई के शक में मार डाला
उत्तर प्रदेश के गोंडा पुलिस ने युवती की हत्या का खुलासा करते हुए उसके सोशल मीडिया प्रेमी को आला कत्ल चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। रील बनाने के बहाने बुलाकर प्रेमी ने प्रेमिका का दोनों हाथ बांधकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया था। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने शनिवार को हत्या का खुलासा करते हुए कहा कि युवती के हत्यारोपी को गोण्डा के सोनी गुमटी को जाने वाली रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
जानिए पूरा मामला
बता दे कि देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी भदवल गांव के रहने वाले अशोक कुमार की 25 वर्षीय पुत्री शीला 29 मार्च के दोपहर में खेत गई हुई थी, जो लौट कर वापस घर नहीं पहुंची थी। मामले में 30 मार्च को खोजबीन के बाद पिता ने स्थानीय पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 2 अप्रैल को खेत में गन्ना की छिलाई करने पहुंचे मजदूरों को खेत के बीच शव मिला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ उच्च अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया था। मामले के गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटना का खुलासा करने के लिए चार टीमों का गठन किया था। वही मामले में मृतका के पिता ने लिखित शिकायती पत्र देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
सोशल मीडिया पर हुई मोहब्बत
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2022 में मृतका का बिहार राज्य के रोहतास जनपद अंतर्गत काराकाट (गोड़ारी) थाना के चौगाई गांव में रहने वाले अरुण कुमार पुत्र बैजनाथ कुम्हार से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क हुआ था। सोशल मीडिया पर दोनों रील बना करके पोस्ट करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई, इसके बाद दोनों इतने करीब आ गए कि आरोपी प्रेमी मृतका के ऊपर खर्च करने लगा। वह लगातार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए मृतका को रुपए देता रहा। इस दौरान उसने मृतका को लगभग डेढ़ लाख रुपए ट्रांसफर किया था।
रील बनाने के बहाने हत्या
एएसपी ने बताया कि हाल ही में आरोपी ने मृतका को ₹10000 ट्रांसफर किया था। लेकिन उसे लगता था कि युवती उससे डबल गेम खेल रही है। युवती का किसी और से प्रेम संबंध होने के शक में बिहार से गोंडा पहुंचे प्रेमी ने रील बनाने के बहाने उसे गन्ने के खेत में बुलाया था। जहां, युवती के दोनों हाथों को पीछे बांधकर चाकू से उसके गले पर गोद दिया था। जिससे युवती की मौत हो गई।
बोले एएसपी
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने कहा कि ब्लाइंड मर्डर को डिजिटल व मैन्युअल साक्ष्यों के आधार पर पड़ताल करते हुए आरोपी को गोंडा के सोनी गुमटी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके निशान देही पर चाकू बरामद हो गया है