logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बाल गृह (अनाथालय) से 6 बच्चे फरार, 5 बरामद, एक अब भी लापता

Jaydeep Kumar Sinha

सनहा दर्ज कराने के लिए आवेदन, प्रबंधन की चुप्पी पर उठे सवाल

बरही : जन जागरण केंद्र द्वारा संचालित अनाथालय (बालगृह) से एक साथ 6 बच्चों के फरार होने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने बताया कि बीते रात करीब 11 बजे बालगृह से सभी बच्चे फरार हो गए थे। इस संबंध में संस्था के अधीक्षक द्वारा थाना को आवेदन देते हुए सनहा दर्ज करने की मांग की गई है । मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है ।
आवेदन के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही संस्था के कर्मियों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, जिसमें 5 बच्चों को बरामद कर लिया गया। हालांकि, 14 वर्षीय बालक राजा सिंह अब भी लापता है। यह बालक केस संख्या CWC/178/2026/कोडरमा से संबंधित है। उसके पिता का नाम चंपाल सिंह और माता का नाम रीना देवी बताया गया है। बालक का स्थायी पता कुर्मीडीह, शांतिनगर, बोकारो स्टील सिटी (जिला बोकारो) है।
फरार होने के समय राजा सिंह ने हरा टी-शर्ट, नीला पायजामा और हवाई चप्पल पहन रखा था। उसका रंग गोरा और कद लगभग 138.1 सेंटीमीटर बताया गया है। बताया जा रहा है कि वही अन्य बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर भागा था। मामले को लेकर संस्थाधीक्षक बरही थाना सहित संबंधित विभागों को भी इसकी सूचना दी है।
घटना के बाद बालगृह प्रबंधन में अफरा-तफरी का माहौल है और लापता बालक की तलाश जारी है। हालांकि मामले के सम्बन्ध में पदाधिकारी और कर्मी कुछ भी बताने से बचते नजर आ रहे हैं। बच्चे कैसे फरार हुए, अन्य बच्चों को कहां से बरामद किया गया और बालगृह में कुल कितने बच्चे रहते हैं—इन सवालों पर प्रबंधन की चुप्पी कई तरह के संदेह खड़े कर रही है। यह स्थिति बालगृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। संस्थान के संचालक शैलेंद्र सिंह ने बताया कि वह आउट ऑफ स्टेशन है, फिलहाल मामले की कोई जानकारी नहीं है ।

255
2430 views

Comment