logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

6 से 20 अप्रैल तक सुबह-शाम होगा वितरण, OTP से भी मिलेगा राशन

20 अप्रैल तक मिलेगा मुफ्त राशन, सरकार उठाएगी पूरा खर्च
एटा 4 अप्रैल 2026 जनपद के लाखों राशन कार्डधारकों के लिए राहत भरी खबर है। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत अप्रैल माह में भी अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। यह वितरण 6 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 के बीच निर्धारित समय पर कराया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत आच्छादित सभी लाभार्थियों को 1 जनवरी 2024 से अगले 5 वर्षों तक मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का पूरा व्यय भारत सरकार वहन कर रही है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिल रही है।

उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 21 किलो गेहूं और 14 किलो चावल (कुल 35 किलो) तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल (कुल 5 किलो) निःशुल्क दिया जाएगा।

खाद्यान्न वितरण प्रतिदिन सुबह 8 से 12 बजे और दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक उचित दर दुकानों पर किया जाएगा। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशानुसार प्रत्येक दुकान पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो वितरण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

विशेष बात यह है कि जिन लाभार्थियों का अंगूठा ई-पॉस मशीन में मैच नहीं हो पाएगा, उन्हें 20 अप्रैल को मोबाइल OTP के माध्यम से भी राशन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही ‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना के तहत पोर्टेबिलिटी सुविधा भी जारी रहेगी, जिससे लाभार्थी कहीं से भी राशन प्राप्त कर सकते हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए संबंधित विकास खंड के पूर्ति निरीक्षकों से संपर्क किया जा सकता है।

सरकार की इस पहल से गरीबों को बड़ी राहत मिल रही है और खाद्य सुरक्षा को मजबूत आधार मिल रहा है।

0
0 views

Comment