फतेहपुर सीकरी के किसानों ने भरी हुंकार
किसानों ने भरी हुंकार — फतेहपुर सीकरी के गांव दूरा में ओलावृष्टि से हुए भारी नुकसान के एवज में मुआवजे को लेकर किसानों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। आज तहसील पर जानकारी लेने पहुंचे किसानों को ज्ञात हुआ कि लेखपाल द्वारा मात्र 6 से 8 प्रतिशत नुकसान की रिपोर्ट भेज दी गई है। यह सुनते ही किसानों में रोष फैल गया और वे भड़क उठे।
किसानों का कहना है कि भयंकर ओलावृष्टि एवं अतिवृष्टि के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल सड़ रही है तथा वास्तविक नुकसान 50 से 60 प्रतिशत तक है। ऐसे में बिना मौके का सही निरीक्षण किए घर बैठे 6 से 8 प्रतिशत नुकसान की रिपोर्ट भेजना किसानों को आत्महत्या की ओर धकेलने जैसा है। 🌾
इसी मुद्दे को लेकर गांव दूरा में किसानों की एक विशाल सभा आयोजित की गई, जिसमें सभी किसानों ने एक स्वर में व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़ने की हुंकार भरी। किसानों ने निर्णय लिया कि 7 अप्रैल को तहसील पर पहुंचकर संबंधित अधिकारी का घेराव किया जाएगा।
सभा में किसानों ने उक्त लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई एवं निलंबन की मांग की। साथ ही शासन से अनुरोध किया कि जांच अधिकारी को बदलकर गांव की पुनः सर्वे किसी अन्य कर्मचारी से कराई जाए, ताकि प्रभावित किसानों को वास्तविक नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा मिल सके इस अवसर पर किसान निरोती लाल, बदन सिंह, शीशुपाल कटारा, दिनेश कुमार, गुड्डू, विपिन सोनी, तोताराम, राम खिलाड़ी, सत्य प्रकाश, हुकम सिंह, होतम सिंह केशव सिंह, हरि सिंह, हजारी, गीतम सिंह, विराट कहरवार मौजूद रहे।