अभिभावकों की शिकायतों पर शिक्षा विभाग सख्त
पुस्तक, गणवेश व स्टेशनरी उचित दर पर उपलब्ध कराने के निर्देश
मनमानी व दबाव की शिकायतों पर होगी कड़ी कार्रवाई
खरगोन 07 अप्रैल 2026। पालकों से प्राप्त लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के समस्त स्कूल संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। शिकायतों में उल्लेख किया गया है कि कुछ निजी विद्यालय संचालक पुस्तक विक्रेताओं एवं प्रकाशकों से सांठ-गांठ कर अभिभावकों पर अधिक कीमत पर पुस्तकें, गणवेश एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदने का दबाव बना रहे हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी विद्यालय यह सुनिश्चित करें कि उनकी संस्था में पढ़ाई जाने वाली पुस्तकें जिले की सभी प्रमुख दुकानों पर आसानी से उपलब्ध हों। किसी भी प्रकार से छात्रों या अभिभावकों को किसी एक दुकान विशेष से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए। स्टेशनरी, गणवेश एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी खुले बाजार में उचित दर पर उपलब्ध होनी चाहिए।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एनसीईआरटी की पुस्तकों का नियमानुसार उपयोग किया जाए तथा केवल शासन द्वारा स्वीकृत पाठ्यपुस्तकों को ही विद्यालय में लागू किया जाए। सभी विद्यालयों को पाठ्यपुस्तकों एवं आवश्यक सामग्री की सूची कार्यालय बोर्ड एवं संबंधित पोर्टल पर प्रकाशित करना अनिवार्य होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल संचालकों से निर्देशों के पालन की अपेक्षा करते हुए की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित विद्यालय के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।