logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नोएडा के सेक्टर-99 में बेखौफ चोरों का तांडव: डिप्टी मैनेजर के बंद घर से 12 लाख के जेवरात पार, CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश!

नोएडा (उत्तर प्रदेश) नोएडा के पॉश इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-99 स्थित 'ग्रीन व्यू अपार्टमेंट' में मंगलवार की देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक फ्लैट का ताला तोड़कर वहां से करीब 12 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा उन्होंने सोसाइटी के दो अन्य फ्लैटों के भी कुंडी-ताले तोड़ने का प्रयास किया। यह पूरी सनसनीखेज वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।मैटरनिटी लीव पर गई थी पत्नी, पति गए थे ट्रेनिंग परजानकारी के अनुसार, मुख्य वारदात फ्लैट नंबर 16-सी (पीड़ित कमल किशोर के घर) में हुई। पीड़ित कमल किशोर 'ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड' में डिप्टी मैनेजर के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी पत्नी इसी कंपनी में अवर अभियंता (जूनियर इंजीनियर) हैं। कमल किशोर ने बताया कि उनकी पत्नी करीब चार महीने पहले डिलीवरी के बाद मैटरनिटी लीव पर अपने मायके गई हुई हैं। कमल खुद 5 अप्रैल को कंपनी के किसी ट्रेनिंग कार्य के सिलसिले में बेंगलुरु गए थे, जिसके कारण घर बंद था।
CCTV फुटेज के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब पौने दो बजे तीन चोर अपार्टमेंट में घुसते हैं। तीनों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ है और वे नंगे पैर हैं, ताकि चलने की आहट न हो। फुटेज में वे सीढ़ियों से चढ़ते और उतरते हुए साफ नजर आ रहे हैं। इनमें से एक चोर की पीठ पर एक बैग भी है, जिसमें संभवतः वे चोरी का सामान रखकर ले गए। बदमाशों ने कमल किशोर के घर का ताला तोड़ा और घर के अंदर से 12 लाख रुपये से अधिक के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। कमल के घर के अलावा, बदमाशों ने सोसाइटी के दो-तीन अन्य फ्लैटों के भी ताले-कुंडी तोड़ने की कोशिश की, जिससे सोसाइटीवासियों में भारी डर व्याप्त है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल:
इस घटना ने ग्रीन व्यू अपार्टमेंट और आसपास के सेक्टरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-108 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने बताया कि पिछले छह महीनों में सेक्टर के अलग-अलग स्थानों पर केवल चोरी की घटनाएं ही सामने आ रही हैं। इसका मुख्य कारण सेक्टर्स की बाउंड्रीवॉल का छोटा होना है, जिसे असामाजिक तत्व आसानी से फांदकर अंदर प्रवेश कर जाते हैं।
पुलिस जांच जारी, थाना सेक्टर-39 पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के लिए टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

42
1174 views

Comment