प्राइमरी स्कूल में बच्चों से सफाई कार्य कराने का वीडियो वायरल, प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
कुशीनगर जिले के दुदही विकास खंड के ग्राम गौरी जगदीश स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चों से कूड़ा उठवाते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराज़गी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बच्चों को शिक्षा देने के बजाय उनसे सफाई कार्य कराना उनके अधिकारों का उल्लंघन है।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को टैग कर कार्रवाई की मांग की।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी कुशीनगर ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।