logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विश्व णमोकार मंत्र दिवस पर जैन समाज में उमड़ा आस्था का सैलाब

डिंडोरी -- सकल जैन समाज द्वारा आज विश्व णमोकार मंत्र दिवस के अवसर पर मुनि सुव्रतनाथ जिनालय, खनूजा कॉलोनी में भव्य एवं धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा, जिसमें समाज के सभी वर्गों—महिला, पुरुष एवं युवाओं—की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत णमोकार मंत्र के सामूहिक जाप से हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंत्र जाप के माध्यम से आत्मशुद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना की। जैन धर्म में णमोकार मंत्र को अत्यंत पवित्र और सार्वभौमिक माना जाता है, जो सभी प्रकार के कर्मों के क्षय और आत्मा की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन, जिला पंचायत के एडिशनल सीईओ पंकज जैन, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के ईई ललित वैद्य, एसबीआई लाइफ के शाखा प्रबंधक रोहित जैन, एसबीआई के सहायक प्रबंधक अनीस जैन, आईडीबीआई बैंक के अमित जैन एवं पुलिस विभाग से शुभ जैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने जैन धर्म के मूल सिद्धांतों—अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और संयम—को जीवन में अपनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. सुनील जैन, पार्श्वनाथ जैन मंदिर के अध्यक्ष संजय जैन, कांच मंदिर के अध्यक्ष शरद जैन, एडवोकेट सचिन जैन एवं मुनि सुव्रतनाथ जिनालय समिति के दिनेश जैन की प्रमुख भूमिका रही। साथ ही आशीष जैन, सुशांत जैन, अंशुल जैन, नमन जैन, मधुर वासु जैन, विवेक जैन, प्रमित जैन (टेंट हाउस) एवं प्रगति जैन का विशेष योगदान सराहनीय रहा।

51
830 views

Comment