logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

नहर-तालाब पर अवैध पटान का आरोप, डीएम से सख्त कार्रवाई की मांग

फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। कस्बे के मोहल्ला भिटौरा में सरकारी नहर और तालाब पर अवैध पटान का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी ने जिलाधिकारी से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
शिकायतकर्ता नेपाल पुत्र स्व. लोचन लाल ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग प्लॉटिंग के लालच में सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि कस्बे में वेदांश हॉस्पिटल के सामने स्थित सरकारी नहर को मिट्टी डालकर पाटा जा रहा है और उसे अपनी निजी भूमि में मिलाया जा रहा है। इसके साथ ही पास स्थित तालाब (कुंडा) को भी खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि यह नहर क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का मुख्य साधन है। यदि नहर पट गई तो फसलों पर सीधा असर पड़ेगा और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर आरोपितों द्वारा कथित रूप से यह कहा जा रहा है कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को अपने पक्ष में कर लिया है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
आरोप यह भी है कि अवैध पटान का कार्य रात के अंधेरे में खनन की मिट्टी लाकर तेजी से किया जा रहा है, जिससे पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर तत्काल जांच कर अवैध पटान को रोका जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शिकायत का संज्ञान लेकर जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
अब इस मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।

5
37 views

Comment