logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सांसद महेश कश्यप के पैतृक ग्राम कुम्हरावंड में श्री हनुमान प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दूसरे दिन 'मूर्ति अधिवास' का अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न

21 पवित्र नदियों के जल से प्रथम दिवस हुआ प्रभु बजरंगबली का महा जलाभिषेक

जगदलपुर : बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप के पैतृक गृह ग्राम कुम्हरावंड झरनीगुड़ा के गृह निवास में आयोजित 'श्री राम भक्त हनुमान जी' के त्रिदिवसीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह का उत्साह और भक्ति का प्रवाह निरंतर बढ़ता जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिन की दिव्य और भव्य शुरुआत के बाद दूसरे दिन वैदिक विद्वानों के सानिध्य में 'मूर्ति अधिवास' एवं विशिष्ट पूजन विधान पूर्ण श्रद्धा और विधि विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूरा ग्राम क्षेत्र जय श्री राम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से गुंजायमान रहा, जिससे संपूर्ण वातावरण में एक अपूर्व आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआl सांसद महेश कश्यप ने प्रथम दिवस अपने परिवार के साथ मिलकर बस्तर की जीवनदायिनी और प्राचीन इंद्रावती नदी के जल सहित देश की कुल 21 पवित्र नदियों के जल से प्रभु बजरंगबली की नव स्थापित प्रतिमा का महा जलाभिषेक किया। धर्म और आस्था की इस पावन बेला में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ मार्गदर्शक केदार कश्यप की गरिमामयी उपस्थिति थी । कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने प्रभु का आशीर्वाद लिया और सांसद के परिवारजनों से आत्मीय एवं स्नेहिल भेंट की और शुभकामनायें प्रेषित की ।

​उल्लेखनीय है कि सांसद महेश कश्यप का प्रभु हनुमान जी के प्रति यह अनन्य समर्पण उनके बाल्यकाल से ही रहा है। वे बचपन से ही बजरंगबली के परम भक्त रहे हैं और उन्होंने शुरुआत विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल में नगर स्तर से लेकर प्रांत स्तर तक के महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। संगठन में सक्रिय रहने के दौरान उन्होंने क्षेत्र के कई गांवों में मंदिरों की नींव रखने और सनातन संस्कृति के संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाई। अपने पैतृक निवास में भव्य हनुमान मंदिर की स्थापना और प्राण प्रतिष्ठा किया जा रहा l ​द्वितीय दिवस के अनुष्ठान के दौरान प्रतिमा को विभिन्न पवित्र द्रव्यों में अधिवास कराकर जागृत किया गया।

इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि नदियों के पवित्र जल और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हो रहे इस अनुष्ठान ने मन को असीम शांति प्रदान की है। उन्होंने महाबली हनुमान जी के श्रीचरणों में समस्त अंचलवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और बस्तर की निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

बस्तर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद महेश कश्यप के गृह निवास झरनीगुड़ा (कलचा) में आयोजित तीन दिवसीय हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सम्पति अपने पति महादेव नाग एवं नारायण सिंह के साथ शामिल हुईं।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान हनुमान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता उपस्थित होकर पुण्य लाभ ले रहे है। कल,समारोह के अंतिम दिन प्रतिमा की अंतिम प्राण प्रतिष्ठा और विशाल भंडारे के साथ इस त्रिदिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।

19
11404 views

Comment