logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

5 साल सरकार चलाकर कितने अमीर हो गए चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री?

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव चल रहे हैं। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के चुनावों में दो मुख्यमंत्री एन रंगासामी और ममता बनर्जी ऐसे हैं जो लगातार एक से ज्यादा कार्यकाल से सरकार चला रहे हैं। चुनाव लड़ने के लिए दाखिल किए जाने वाले एफिडेविट में ही ये सभी नेता अपनी संपत्ति का ब्योरा देते हैं। इस बार दी गई जानकारी और पुराने एफिडेविट को खंगालने पर यह पता चलता है कि कुछ मुख्यमंत्रियों की संपत्ति में इजाफा हुआ है तो कुछ मुख्यमंत्रियों की संपत्ति 5 साल में घट गई है। 5 में तीन मुख्यमंत्रियों की संपत्ति में इजाफा हुआ है और दो मुख्यमंत्रियों की संपत्ति में कमी आई है।
संपत्ति के हिसाब से देखा जाए तो चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सबसे अमीर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा हैं और सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। हिमंता बिस्वा सरमा के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी संपत्ति में लगभग डेढ़ गुना की बढ़ोतरी हुई है। रोचक बात है कि कांग्रेस उन पर लगातार हमलावर है और आरोप लगा रही है कि उनके पास विदेश में भी संपत्ति है और इसका जिक्र उन्होंने अपने हलफनामे में नहीं किया है। हालांकि, हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी ने ऐसे आरोपों से साफ इनकार किया है।


आइए इन नेताओं के इस साल के और 2021 के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण करके यह समझते हैं कि इन नेताओं की संपत्ति में पिछले 5 साल में क्या बदलाव हुआ है।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा एक बार फिर से अपनी जालुकबाड़ी विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं। 5 साल तक सरकार चला चुके हिमंता बिस्वा सरमा की संपत्ति को लेकर कांग्रेस खूब हमलावर है। हालांकि, चुनावी हलफनामे के मुताबिक, हिमंता की सालाना कमाई लगभग 30 लाख रुपये और उनकी पत्नी की सालाना कमाई 4.19 करोड़ रुपये रुपये है। इस बार नामांकन के समय हिमंता के पास 2.28 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 3.16 लाख रुपये कैश थे।
बैंक खातों में जमा पैसों और गहनों को मिलाकर हिमंता ने अपनी कुल चल संपत्ति 2.36 करोड़ और अपनी पत्नी की कुल चल संपत्ति 13.54 करोड़ घोषित की है। रोचक बात है कि इस बार हिमंता ने अपने बच्चों की संपत्ति नहीं घोषित की है। अचल संपत्ति की बात करें तो हिमंता के पास कुल 95 लाख रुपये की और उनकी पत्नी के पास 15.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इस तरह दोनों को मिलाकर कुल संपत्ति 32.76 करोड़ रुपये है।

2021 में कितनी थी हिमंता की संपत्ति?

साल 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया था उनकी सालाना आय लगभग 26 लाख रुपये और उनकी पत्नी की सालाना कमाई लगभग 3 करोड़ रुपये थी। तब हिमंता के बच्चों के पास कोई संपत्ति नहीं थी। 2021 में नामांकन के समय उनके पास 25,200 रुपये कैश, उनकी पत्नी के पास 31,500 रुपये कैश और दोनों बच्चों को मिलाकर लगभग 31 हजार रुपये कैश थे।


तब हिमंता के एक बैंक खाते में 45.81 लाख रुपये, दूसरे खाते में 5.95 लाख रुपये, उनकी पत्नी के एक बैंक खाते में 16.89 लाख रुपये और दूसरे बैंक खाते में 82.74 लाख रुपये और तीसरे बैंक खाते में 297 रुपये थे। उनकी पत्नी के पास तब 60.60 लाख रुपये के गहने थे। वहीं, उनके बच्चों के पास भी 40-40 लाख रुपये के गहने थे। इस तरह हिमंता बिस्वा सरमा की खुद की कुल चल संपत्ति 1.72 करोड़, उनकी पत्नी के पास 10.17 करोड़ और दोनों बच्चों को मिलाकर लगभग 1.08 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। पूरे परिवार की कुल संपत्ति 12.97 करोड़ रुपये थी। अगर 5 साल में बदलाव देखें तो हिमंता बिस्वा सरमा की संपत्ति में लगभग 20 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन
5 साल से तमिलनाडु की सरकार चला रहे एम के स्टालिन डीएमके के मुखिया और राज्य के दिग्गज नेताओं में गिने जाते हैं। इस बार के चुनावी हलफनामें में स्टालिन ने अपनी सालाना आय लगभग 30 लाख रुपये और अपनी पत्नी की सालाना आय लगभग 5 लाख रुपये बताई है। नामांकन भरते समय स्टालिन के पास 10 हजार रुपये कैश और उनकी पत्नी के पास 40 हजार रुपये कैश थे। स्टालिन ने कुल 8 बैंक अकाउंट का जिक्र किया है। स्टालिन के सभी बैंक खातों और सेविंग को मिलाकर उनके पास कुल 3.3 करोड़ रुपये और उनकी पत्नी के बैंक खातों में 1.32 करोड़ रुपये थे। स्टालिन के पास कुल 2.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और उनकी पत्नी के पास कुल 2.11 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। इस तरह स्टालिन और उनकी पत्नी को मिलाकर कुल 9.6 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
2021 में कितनी थी संपत्ति?
2021 में भी इसी कोलातुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़े स्टालिन ने अपनी सालाना कमाई लभभग 28 लाख रुपये और अपनी पत्नी की सालना कमाई लगभग 4 लाख रुपये बताई थी। तब उन्होंने कुल 5 बैंक खातों की जानकारी दी थी। इन खातों को मिलाकर उनके पास कुल 4.94 करोड़ रुपये की और उनकी पत्नी के पास कुल 30.52 लाख रुपये की चल संपत्ति थी। तब स्टालिन के पास कुल 2.24 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति थी और उनकी पत्नी के पास कुल 1.38 करोड़ की अचल संपत्ति थी। इस तरह दोनों को मिलाकर तब कुल संपत्ति 8.86 करोड़ रुपये की थी।


इस तरह दोनों की संपत्ति में कुल 74 लाख रुपये का इजाफा हुआ है। प्रतिशत में देखें तो यह इजाफा 8.35 का प्रतिशत बनता है।


बदलाव: संपत्ति में 8.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
15 साल से पश्चिम बंगाल की सरकार चला रही ममता बनर्जी देश की दिग्गज नेताओं में गिनी जाती हैं। इस बार वह पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। ममता बनर्जी ने इस बार जो हलफनामा दायर किया है जिसके मुताबिक, उनकी सालाना कमाई लगभग 20 से 25 लाख रुपये के आसपास है। नामांकन दाखिल करते समय ममता बनर्जी के पास 75,700 रुपये कैश, एक बैंक अकाउंट में 12.36 लाख रुपये, दूसरे में 12.76 लाख रुपये और तीसरे बैंक अकाउंट में 40 हजार रुपये थे। उन्होंने कहीं कोई निवेश नहीं कर रखा था।


यह भी पढ़ें: BJP के 'मिशन बंगाल' को किन TMC नेताओं के सहारे मुश्किल बना रहीं हैं ममता बनर्जी?


उनके पास 1.45 लाख रुपये के गहने हैं और इस तरह कुल मिलाकर उनकी चल संपत्ति 15.37 लाख रुपये की बनती है। ममता बनर्जी अविवाहित हैं तो उनके पार्टनर या बच्चों वाला कॉलम खाली ही है। हलफनामे के मुताबिक ममता बनर्जी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है और ना ही उन्होंने कोई कर्ज ले रखा है।

2021 में कितनी थी ममता बनर्जी की संपत्ति?
2021 वाले चुनाव के समय ममता बनर्जी ने अपनी सालाना आय लगभग 10 लाख रुपये दिखाई थी। तब उनके पास 69,225 रुपये कैश थे। तब एक अकाउंट में 12.02 लाख रुपये, दूसरे में 1.51 लाख रुपये और तीसरे अकाउंट में 13.53 लाख रुपये थे। तब ममता बनर्जी ने नेशनल सेविंग स्कीम में 18,490 रुपये जमा करके रखे थे। उस साल TDS से उन्हें 1.85 लाख रुपये की कमाई भी हुई थी। तब उनके पास कुल 43,837 रुपये की कीमत के गहने थे। इस तरह उनकी कुल संपत्ति 16.72 लाख रुपये थी। ममता बनर्जी के पास तब भी कोई अचल संपत्ति नहीं थी।


इस तरह पांच साल में उनकी संपत्ति की तुलना करें तो उनकी संपत्ति में इजाफा होने के बजाय कमी ही आई है। 2021 में उनकी कुल संपत्ति 16.72 लाख रुपये थी जो अब घटकर 15.37 लाख रुपये ही रह गई है।


बदलाव: संपत्ति में 8% की कमी

1
4 views

Comment