logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कटगी में शिकायत करने वाले ग्रामीणों को धमकाया और पीटा, 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 10 हजार का इनाम

बलौदाबाजार। कसडोल थाना क्षेत्र के कटगी गांव में अवैध शराब के खिलाफ शिकायत करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। शिकायत से नाराज आरोपियों ने ग्रामीणों को धमकाया, हथियार दिखाकर डराया और एक ग्रामीण की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी भागवत थवाईत और उसका साथी सूर्या फरार हैं। पुलिस ने भागवत थवाईत पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए उसका वांटेड पोस्टर जारी कर दिया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत मंगलवार से ही हो गई थी, जब राजेश थवाईत ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ग्रामीण के साथ मारपीट की थी।

इसके बाद बुधवार रात को मामला और बढ़ गया, जब पिता संतोष थवाईत, बेटा भागवत, चाचा राजेश, भाई संजू और साथी शंकर दुबे व सूर्या गांव में घूम-घूमकर ग्रामीणों को धमकाने लगे। आरोप है कि सभी ने कटगी के सर्वा मोड़ के पास एक ग्रामीण को पकड़कर जमकर पीटा, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीण एकजुट हो गए और आरोपियों को घेर लिया। इस दौरान भागवत थवाईत और सूर्या मौके से फरार हो गए, लेकिन ग्रामीणों ने संतोष थवाईत, राजेश थवाईत, संजू थवाईत और शंकर दुंबे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने संतोष थवाईत की पिटाई भी कर दी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सर्वा मोड़ स्थित ढाबे का संचालन संतोष और राजेश थवाईत करते हैं, जहां लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है। विरोध करने पर ही पहले मारपीट और फिर सामूहिक रूप से धमकाने की घटना सामने आई।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अभिषेक सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गांव में शांति स्थापित की गई।

मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। आरोपी राजेश थवाईत भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद सदस्य बताए जा रहे हैं, जबकि फरार मुख्य आरोपी भागवत थवाईत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसडोल का ग्रामीण अध्यक्ष है। वहीं, संतोष थवाईत पर पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।

एसडीओपी के.के. वासनिक ने बताया कि चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मुख्य आरोपी भागवत थवाईत पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

0
246 views

Comment