सुजानगढ़ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने पर जताया विरोध
सुजानगढ़, संवाददाता:
गोपालपुरा सहित आसपास के गांवों की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सुजानगढ़ स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने विभाग पर लंबे समय से प्रोत्साहन राशि नहीं देने का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की।
गोपालपुरा आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 3 की कार्यकर्ता पूनम कुमारी बिजारणियां ने बताया कि गोपालपुरा के मानदेय कर्मियों ने एकमत होकर यह निर्णय लिया है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक वे विरोध जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा उनसे राशन कार्ड बनवाने, SIR ड्यूटी सहित कई अन्य सर्वे कार्य करवाए गए, जिन्हें कार्यकर्ताओं ने पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो पोषण ट्रैकर, ECC सहित अन्य दैनिक गतिविधियों के संचालन में बाधा आ सकती है, क्योंकि वे इन कार्यों को आगे करने में असमर्थ होंगी।
इस प्रदर्शन में गोपालपुरा की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ममता काला (केंद्र 1), प्रीति (केंद्र 2), पूनम कुमारी बिजारणियां (केंद्र 3), सुवा कंवार (केंद्र 4) सहित अन्य गांवों की कार्यकर्ता संतोष देवाणी, सुनीता गनोड़ा, शारदा गनोड़ा, राजू बिलांगा, शांति सारोठिया, संतोष मारोठिया, ममता चिनिया, सुमन स्वामी, विजयादेवी, शांति देवी, गोमती, कमला, प्रेम कंवर, विमला, रामेश्वरी एवं राकेश कंवर सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आगे भी आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होंगी।