अवैध शराब के खिलाफ कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बलेनो कार सहित 101 लीटर शराब जब्त, युवक गिरफ्तार
डिण्डौरी — जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली डिण्डौरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मध्यरात्रि में घेराबंदी कर एक युवक को भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की गई है।
थाना कोतवाली से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 9 और 10 अप्रैल की दरम्यानी रात को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जबलपुर रोड से एक सिल्वर रंग की बलेनो कार (क्रमांक MP 20 ZZ 3373) में अवैध शराब की बड़ी खेप डिण्डौरी लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मस्जिद मोहल्ला क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 12 पेटियों में भरी 101.880 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से आरोपी अर्पित चौकसे (21 वर्ष), निवासी ग्राम कछराटोला थाना करनपठार को गिरफ्तार किया गया है।
जब्त सामग्री का विवरण -- बलेनो कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये)
दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 1.30 लाख रुपये) ,नगद 1700 रुपये ,12 पेटी अंग्रेजी शराब (कुल 101.880 लीटर, कीमत लगभग 94,888 रुपये)।कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 12,26,588 रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे अवैध शराब के नेटवर्क और सप्लाई चेन के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
कार्यवाही में इनकी रही सराहनीय भूमिका --
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में पुलिस टीम के सउनि दिलीप झारिया, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र पटले, हनुमान सिंह, दिलीप पटेल सहित अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इनका कहना है --
उक्त घटना रात्रि करीब 12:00 बजे के आसपास की है ,सूचना प्राप्त हुई थी कि एक बलेनो कार से अवैध शराब डिंडोरी की ओर आ रही है ,सूचना तस्दीक पर हमारे द्वारा कार और कार से एक आरोपी अर्पित चौकसे निवासी कछारटोला करनपठार को गिरफ्तार किया गया है। कार से 101 लीटर अंग्रेजी शराब जिसकी कीमत 94 हजार 888 ₹, दो मोबाइल 1700 सौ ₹ नगदी जब्त किए गए है । मामले में 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है ,और इस प्रकरण में आगे भी पूछताछ की जा रही है कि शराब कहां से और किसके लिए लाई जा रही थी ?
दुर्गा प्रसाद नगपुरे ( निरीक्षक ,थाना कोतवाली डिंडोरी )