*उमरिया में मानवता की मिसाल: रेड क्रॉस सोसायटी ने जरूरतमंद मरीज को दिलाया ब्लड*
उमरिया। जिले में मानवता और सेवा भावना की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। रेड क्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए एक जरूरतमंद महिला मरीज को समय पर ब्लड उपलब्ध कराकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रयपुरा, जिला डिंडोरी निवासी 24 वर्षीय श्रीमती कुसुम बाई (पति श्री तीर्थ सिंह) की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला चिकित्सालय उमरिया में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मरीज की स्थिति को गंभीर बताते हुए तत्काल “O पॉजिटिव” ब्लड की आवश्यकता जताई। उनके शरीर में कुल 2.5 gm/dl ब्लड था।
परिजनों के सामने ब्लड की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती बन गया था। ऐसे समय में रेड क्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए तुरंत पहल की और ब्लड की व्यवस्था सुनिश्चित की।
रेड क्रॉस सोसायटी के प्रयासों से मरीज को कुल 2 यूनिट ब्लड उपलब्ध कराया गया। इसमें से 1 यूनिट ब्लड बिना एक्सचेंज के ब्लड बैंक से उपलब्ध कराया गया, जो संस्था की सक्रियता और सहयोग भावना को दर्शाता है। वहीं, दूसरी यूनिट ब्लड श्री भरत सिंह (पिता श्री ध्यान सिंह), निवासी PTS कॉलोनी उमरिया द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान कर उपलब्ध कराया गया।
श्री भरत सिंह के इस निस्वार्थ और सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा की जा रही है। उनका यह कदम समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संदेश देता है।
मरीज के परिजनों ने रेड क्रॉस सोसायटी एवं रक्तदाता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली इस सहायता से उनके परिवार के सदस्य की जान बच सकी। वहीं, रेड क्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने भी लोगों से अपील की कि वे आगे आकर रक्तदान करें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
यह घटना एक बार फिर यह सिद्ध करती है कि यदि समाज के लोग और संस्थाएं मिलकर कार्य करें, तो किसी भी आपात स्थिति में जरूरतमंद की मदद करना संभव है। रेड क्रॉस सोसायटी उमरिया का यह प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है। इस सेवा के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी शाखा उमरिया के सभापति श्री अखिलेश त्रिपाठी जी, सदस्य श्री अनुराग तिवारी जी, ब्लड बैंक इंचार्ज श्री वीरेंद्र शर्मा जी, लैब तकनीशियन श्री विनीत साहू।