अंधे कत्ल का खुलासा: बेमेतरा पुलिस की बड़ी सफलता, एक विधि संघर्षरत बालक निरुद्ध
प्रेस विज्ञप्ति
बेमेतरा, 10 अप्रैल 2026
उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) द्वारा इस मामले के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस को अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना बेमेतरा में अपराध क्रमांक अंतर्गत धारा 103(1) बीएनएस में मृतक अमन ध्रुव (उम्र 24 वर्ष), निवासी बेमेतरा, को दिनांक 03 अप्रैल 2026 को हनुमान जयंती रैली के दौरान रात्रि लगभग 10 बजे प्रताप चौक के पास अज्ञात व्यक्ति द्वारा पेट के दाहिने हिस्से में धारदार वस्तु से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी।
घटना के बाद मृतक ने वास्तविक घटना छिपाते हुए इसे दुर्घटना बताकर रॉड घुसने की बात कही। तबीयत बिगड़ने पर 06 अप्रैल को उसे जिला अस्पताल बेमेतरा लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान 07 अप्रैल 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 09 अप्रैल 2026 को अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला एवं साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा सहित 19 सदस्यीय टीम गठित की गई।
जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि रैली के दौरान नाचने के समय मृतक का एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ विवाद हुआ था। संदेही से पूछताछ करने पर उसने धारदार वस्तु से हमला करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।आरोपी विधि संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस पूरी कार्यवाही में पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
www.janchoupal36.com