जीवन विहार रेजिडेंशियल कल्याण समिति के चुनाव संपन्न, अरुण श्रीवास्तव छठी बार महासचिव बने
गाजियाबाद। शास्त्री नगर क्षेत्र स्थित जीवन विहार में जीवन विहार रेजिडेंशियल कल्याण समिति के कार्यकारिणी चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गए, जिसमें सभी प्रमुख पदों पर नई टीम ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की।
चुनाव परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर उमेश कुमार ने अपने प्रतिद्वंद्वी जगत सिंह भड़ाना को पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर जनक सिंह ने एस.के. पाठक को हराया, वहीं महासचिव पद पर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने विजय बहादुर को मात दी। सचिव पद पर संजय शर्मा ने मनोज सिंह को पराजित किया तथा कोषाध्यक्ष पद पर अमरनाथ ने शेखर अनेजा को हराकर जीत हासिल की।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कॉलोनी में खुशी का माहौल देखा गया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमेश कुमार ने सभी कॉलोनी वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे जीवन विहार परिवार की जीत है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि कॉलोनी में जल्द से जल्द सभी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। विशेष रूप से पानी और बिजली की समस्याओं का समाधान, पार्कों की नियमित सफाई, बुजुर्गों के बैठने की उचित व्यवस्था तथा लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
महासचिव अरुण कुमार ने कहा UPSIDA में फ्री होल्ड का लंबित कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
घटना नियंत्रण अधिकारी नागरिक सुरक्षा एवं सचिव जीवन विहार रेजिडेंशियल कल्याण समिति संजय शर्मा ने कहा कॉलोनी की सुरक्षा के लिए सभी किराएदारों एवं घरों में काम करने वाली महिलाओं का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा तथा वाहनों के लिए स्टीकर की व्यवस्था की जाएगी।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने कॉलोनी वासियों से अपील की कि वे आगे भी सहयोग और सुझाव देते रहें, ताकि जीवन विहार को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आदर्श कॉलोनी बनाया जा सके।