मतदाता सूची पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप, कार्रवाई की मांग
*मतदाता सूची पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप, कार्रवाई की मांग*
जयप्रकाश त्रिपाठी
(जिला संवाददाता), सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के इटवा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मधवापुर
कला निवासी अब्दुल मोईद पुत्र अब्दुल हलीम ने राज्य निर्वाचन आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर पंचायत चुनाव 2026 की मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। प्रार्थी के अनुसार निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के पुनरीक्षण हेतु कुल 69 आपत्तियां बीएलओ को प्राप्त हुई थीं, जिनका निस्तारण नियमानुसार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण) नियमावली 1994 के नियम-15 के तहत आवश्यक प्रक्रिया, जैसे संबंधित व्यक्तियों को नोटिस देना, का पालन नहीं किया गया। प्रार्थी का कहना है कि बीएलओ एवं सुपरवाइजर द्वारा आपत्तियां वापस लेने का दबाव बनाया गया और बार-बार अनुरोध के बावजूद नियमानुसार नोटिस जारी नहीं किया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के बजाय अपात्र लोगों को सूची में शामिल करने तथा मृत एवं विस्थापित मतदाताओं के नाम यथावत रखने का प्रयास किया गया, जो पूरी तरह नियम विरुद्ध है। प्रार्थी ने मांग की है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएं और अपात्र लोगों के नाम हटाए जाएं, ताकि पंचायत चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।