हेडलाइन:
बांकेगंज में अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने पर बवाल, पुलिस वाहन भी बने निशाना
बांकेगंज/खीरी (संवाददाता : आकाश सिंह)
मैलानी थाना क्षेत्र के बांकेगंज में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने की घटना से क्षेत्र में जबरदस्त तनाव फैल गया। अंबेडकर जयंती के दिन हुई इस घटना ने लोगों के आक्रोश को और भड़का दिया, जिसके चलते इलाके में हालात अचानक बिगड़ गए।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और कई वाहनों को निशाना बनाया गया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियां भी हमले की चपेट में आ गईं। मौके पर पथराव और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया। सड़कों पर लोग ईंट-पत्थर लेकर दौड़ते नजर आए, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।
हालात को काबू में करने के लिए कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और बांकेगंज क्षेत्र को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रशासन द्वारा लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम व अमित कुमार राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति अब नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने घटना के दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही