लेहड़ा हाल्ट स्टेशन के पास ट्रेन से कटा मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी बृजमनगंज पुलिस
*बृजमनगंज, महराजगंज:* थाना बृजमनगंज क्षेत्र के लेहड़ा हाल्ट स्टेशन के पास आज सुबह लगभग 8:00 बजे एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव ट्रेन से कटा हुआ बरामद किया गया। सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत है और शव तीन टुकड़ों में बंटा हुआ मिला है। आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की जेब से एक रेलवे टिकट भी मिला है, परंतु उस पर छपा विवरण मिट गया है। शव के पास से एक पासपोर्ट साइज फोटो भी बरामद हुआ है, जिसके मृतक का होने की संभावना जताई जा रही है।
*मृतक का हुलिया व पहनावा:*
- *उम्र:* लगभग 45 वर्ष
- *पहनावा:* हल्का गुलाबी रंग की शर्ट, नीली जीन्स
- *अन्य पहचान:* दाहिने हाथ में कलावा बंधा है, बीच की अंगुली में अंगूठी पहनी है
- *शारीरिक बनावट:* दोहरा बदन, मजबूत जिस्म, रंग गोरा
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। बृजमनगंज पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल थाना बृजमनगंज से संपर्क करें। पुलिस मामले में अन्य विधिक कार्रवाई कर रही है।