logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हेडलाइन: अंबेडकर जयंती पर बाँकेगंज कस्बे के मोहल्ले मोतीपुर में बवाल: विवादित जमीन पर प्रतिमा को लेकर हिंसा, पुलिस पर पथराव व आगजनी,जानिए सटीक वजह इस रिपोर्ट में।

बांकेगंज/लखीमपुर खीरी (संवाददाता : आकाश सिंह):

थाना मैलानी क्षेत्र के बाँकेगंज कस्बे के मोतीपुर मोहल्ले में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर बड़ा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवादित जमीन पर प्रतिमा रखने के प्रयास ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसमें पुलिस पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।

बताया जाता है कि गुरुद्वारे के सामने स्थित ग्राम पंचायत की खाद गड्ढा भूमि को लेकर पहले से विवाद न्यायालय में लंबित है। इसी बीच अंबेडकर जयंती के मौके पर कुछ लोगों ने उक्त जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने की कोशिश की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना पर पहुंचे बांकेगंज चौकी प्रभारी संतोष तिवारी ने प्रतिमा हटवाने का प्रयास किया, जिस पर भीड़ भड़क गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान चौकी प्रभारी का बिल्ला भी फट गया। हालात तेजी से बिगड़ते गए और आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर हमला बोलते हुए पथराव शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार तिवारी और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भी स्थिति को संभाल नहीं सके। भीड़ ने मजिस्ट्रेट की गाड़ी समेत कई वाहनों को पलट दिया और एक कार को आग के हवाले कर दिया, जबकि कई अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की गई। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा।

स्थिति गंभीर होने पर भारी पुलिस बल और पीएसी को बुलाया गया। पीएसी ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा और किसी तरह हालात पर काबू पाया। इस हिंसा में करीब 20 पुलिसकर्मी समेत कई ग्रामीण घायल हुए हैं। वहीं सात से अधिक चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए और एक दुकान में भी तोड़फोड़ की गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में पैदल मार्च कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा प्रतिमा हटाने से उनकी आस्था को ठेस पहुंची, जबकि पुलिस का कहना है कि जमीन विवादित होने के कारण यथास्थिति बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश थे। बावजूद इसके प्रतिमा रखने की कोशिश की गई, जिसे हटाना पड़ा।

एएसपी पश्चिमी की बाइट:

अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अमित कुमार राय ने बताया कि “विवादित जमीन पर कुछ लोगों ने प्रतिमा रखने की कोशिश की थी। इस पर पुलिस ने समझा-बुझाकर उसे हटवा दिया था। इसी बीच कुछ लोगों ने पुलिस से हाथापाई और पथराव शुरू कर दिया। हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।”

एसडीएम प्रतिभा त्रिपाठी और तहसीलदार भीमचंद ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि जमीन विवाद न्यायालय में विचाराधीन है और दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे।

फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव अब भी बना हुआ है।

30
733 views

Comment