logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आदिवासी छात्रावास के पास शराब भट्टी का विरोध अतिक्रमण कर मकान बनाने और दुकान किराये पर देने का आरोप

आदिवासी छात्रावास के पास शराब भट्टी का विरोध
अतिक्रमण कर मकान बनाने और दुकान किराये पर देने का आरोप
बैतूल। सुभाष वार्ड क्रमांक 1 मांझीनगर में प्रस्तावित देशी शराब दुकान को लेकर एक बार फिर विरोध तेज हो गया है। श्री मांझी अंतर्राष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संगठन और अखिल भारतीय माता दंतेवाड़िन समाज समिति के प्रतिनिधि श्रवण कुमार परते ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दुकान को तत्काल हटाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि मांझी सरकार कार्यालय और आदिवासी छात्रावास के पास शिक्षक ललित पवार द्वारा अपनी दुकान किराये पर देकर देशी शराब दुकान खोले जाने की तैयारी की जा रही है। क्षेत्र में पांच छात्रावास होने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे यहां निवास करते हैं। ऐसे में शराब दुकान शुरू होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति ने शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाया और अब आर्थिक लाभ के लिए दुकान किराये पर दे दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब दुकान खुलने से आसपास रहने वाली महिलाओं और परिवारों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि इस स्थान पर शराब दुकान की अनुमति न दी जाए या कम से कम 500 मीटर दूर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो हर 15 दिन में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

70
3107 views

Comment