logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मड़िहान (मिर्जापुर): शॉर्ट सर्किट से गेहूं के खेत में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड देर से पहुंची


मड़िहान तहसील क्षेत्र के रजौहां.और.रैकरी गांव में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हाई टेंशन बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से गेहूं के खेतों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब साढ़े 9 बीघा गेहूं की फसल और लगभग 12 बीघा पुआल जलकर राख हो गया।
घटना के समय तेज गर्मी के कारण अधिकांश ग्रामीण अपने घरों में थे। खेतों से उठता धुआं देखकर राहगीरों ने गांव में सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण बाल्टी, ड्रम, ट्रैक्टर और कल्टीवेटर लेकर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से सुबाष का 4 बीघा, राजेश कुमार सिंह का 2 बीघा, कामता बिंद (बटाईदार) का 2 बीघा, त्रिलोकी का 1 बीघा, कैलाश का डेढ़ बीघा गेहूं तथा हंस नारायण सिंह का 10 बीघा और धनंजय कुमार का डेढ़ बीघा पुआल जल गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उनका कहना है कि जर्जर तारों को समय रहते बदला जाता तो यह घटना नहीं होती। वहीं सूचना देने के करीब 2 घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
उपजिलाधिकारी मड़िहान, अनेग सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया जा रहा है और जल्द ही पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।

42
1752 views

Comment