कोटा में प्रथम सनाढ्य आदिगौड़ सामूहिक निःशुल्क कन्या विवाह महोत्सव 30 अप्रैल से,आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होंगे सभी वैवाहिक संस्कार।
कोटा। सामाजिक सरोकारों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आध्या सेवार्थ सोसायटी के तत्वावधान में प्रथम सनाढ्य आदिगौड़ सामूहिक निःशुल्क कन्या विवाह महोत्सव का आयोजन 30 अप्रैल एवं 1 मई को किया जाएगा। यह आयोजन पहली बार दो दिवसीय स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विवाह से जुड़ी सभी रस्में पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न होंगी।
संयोजक लोकेश शर्मा ने बताया कि महोत्सव में समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं का विवाह पूर्णतः निःशुल्क कराया जाएगा, जिससे सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलेगी। सोसायटी की अध्यक्ष शालू शर्मा ने जानकारी दी कि आयोजन में सभी वैवाहिक कार्यक्रम परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुरूप सम्पन्न होंगे।
कोषाध्यक्ष प्रियांशु शर्मा के अनुसार 30 अप्रैल को प्रातः 8 बजे गणेश पूजन, 11 बजे हल्दी-मेहंदी एवं सायं 5 बजे संगीत कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं 1 मई को प्रातः 8 बजे निकासी, 10 बजे तोरण, 11 बजे आशीर्वाद समारोह, दोपहर 1 बजे पाणिग्रहण संस्कार तथा 3 बजे विदाई समारोह संपन्न होगा।
मीडिया प्रभारी के के शर्मा ‘कमल’ ने बताया कि आयोजन को लेकर कार्ड विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर ओमप्रकाश तंकारिया, प्रेम शास्त्री, गजेन्द्र जोशी, प्रमोद शर्मा, महावीर पंचोली सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।