जुडली-आदुवाला में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान शुरू, बालिकाओं को मिली सुरक्षा कवच की सौगात
विकासनगर (देहरादून)। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जुडली-आदुवाला में आज बुधवार को बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के इस गांव में स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी और स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय, धर्मावाला के तत्वावधान में क्षेत्र की बालिकाओं के लिए नि:शुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य के प्रति इस प्रकार की जागरूकता और सुविधाएं भविष्य के लिए सुरक्षा कवच का काम करेंगी। उन्होंने "छोटा टीका, जिंदगी भर की सुरक्षा" के संकल्प के साथ चिकित्सालय की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समन्वय की सराहना की।
महंगा टीका अब नि:शुल्क उपलब्ध
अभियान के दौरान चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अनुज सिंघल ने बीमारी की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत में महिलाओं की मृत्यु के कारणों में सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे बड़ा कारण है। उन्होंने कहा कि यह बीमारी पूरी तरह से रोकथाम योग्य (प्रिवेंटेबल) है। बाजार में इस टीके की कीमत काफी अधिक है, लेकिन स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा दानदाताओं के सहयोग से इसे 9 से 18 वर्ष की बालिकाओं के लिए पूर्णतः नि:शुल्क लगाया जा रहा है।
प्रत्येक रविवार को लगेगा शिविर
चिकित्सालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि क्षेत्र की बालिकाओं की सुविधा के लिए अब यह टीकाकरण शिविर प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए बालिकाओं को अस्पताल लाने और ले जाने की व्यवस्था भी संस्थान द्वारा की जाएगी।
इस दौरान डॉ. ताराश्री सिंघल, डॉ. दीपक सिन्हा, ग्राम प्रधान मंजीता रामपाल सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य नानकचंद, रमेश कुमार सैनी, सचिन कुमार, सतीश कुमार, रोहित चौहान, आयुष पंडित, विपिन चौहान, अर्जुन रावत, विजय चौहान और गुलाब सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
स्थानीय ग्रामीणों ने घर के नजदीक ही इतनी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर संस्थान और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।