बांसवाड़ा में अवैध शराब तस्करी का बड़ा खुलासा… आनंदपुरी थाना पुलिस ने 4.5 लाख की शराब की जब्ती
बांसवाड़ा। जिले में चल रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत आनंदपुरी थाना पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा करते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने सोगाराम पुत्र देवाराम जांगू विश्नोई, निवासी जांगू की ढाणी, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। वहीं उसके साथ मौजूद कल्याण चौधरी पुत्र भानाराम चौधरी, निवासी फुलेरा और सुरेश विश्नोई, निवासी सेडवा, जिला बाड़मेर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने वाहन और बरामद शराब को जब्त कर लिया है तथा मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी और पुलिस उप अधीक्षक नरपत सिंह भाटी के सुपरविजन में तथा आनंदपुरी थाना अधिकारी कपिल पाटीदार के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक कल्याण सिंह, हेड कांस्टेबल महेशचंद्र, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल महिपाल सिंह, जितेंद्र और भानुप्रताप सिंह शामिल रहे।