झांसी में चाय की दुकान पर मौत ऐसे आई कि लोग देखते ही रह गए ।
नवाबाद थाना क्षेत्र में नई बस्ती के लाल स्कूल के पास हुई घटना। डीआरएम कार्यालय में वाहन चालक पद पर तैनाती थी।
झांसी : नवाबाद थाना क्षेत्र में नई बस्ती के लाल स्कूल के पास रहने वाले रेलकर्मी अजय कुशवाहा (29) की सोमवार शाम चित्रा चौराहे के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि अजय चाय की दुकान पर अचानक गश खाकर गिर पड़े थे। इसके पहले की लोग कुछ समझ पाते तीन मिनट में ही उनकी मौत हो गई. प्रथमदृष्ट्या हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के अनुसार अजय कुशवाह डीआरएम कार्यालय में वाहन चालक पद पर तैनात थ। पिता मुरारीलाल की मृत्यु के बाद अजय को अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम चार से रात 12 बजे तक अजय की ड्यूटी थी। सोमवार करीब सात बजे अजय चित्रा चौराहे के पास स्थित दुकान पर बाइक से चाय लेने पहुंचे थे। चाय पैक कराने के बाद पैसे देकर जाने लगे। इसी बीच कुछ कदम चलने के बाद लौटकर पन्नी मांगी।इसी दौरान अचानक अचेत होकर काउंटर पर गिर पड़े।
दुकानदारों का कहना है कि जमीन पर अजय को तड़पता देख आसपास कई लोग जमा हो गए थे।
कुछ लोगों ने मिर्गी का दौरा समझ लिया और जूते-मोजे सुंघाने लगे। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने अजय के साथियों के सहयोग से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया।जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की सही वजह मालूम चल सकेगी। वहीं अजय की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।