logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

महिलाओं को घर बैठे रोजगार, शिवराज ने लॉन्च की जीवन शक्ति योजना

भोपाल  नगरीय क्षेत्र की महिलाओं को घर बैठे रोजगार देने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 'जीवन शक्ति योजना' लांच की है। योजना के तहत महिलाएं घर में मास्क तैयार करेंगी और सरकार 11 रुपये की दर से सभी मास्क खरीदेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओं को मास्क की राशि का भुगतान तुरंत करने का भरोसा दिलाया है। योजना में पंजीयन करा चुकी महिलाओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने बात भी की।

कोरोना संक्रमण का रोजगार-धंधों पर असर पड़ा है। लॉकडाउन के चलते लोग एक महीने से घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। वहीं जनता को संक्रमण से बचाने के लिए सरकार को बड़े संख्या में मास्क की जरूरत भी है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने घर-घर मास्क बनवाने की रणनीति बनाई है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कई दिन पहले फेसबुक लाइव के माध्यम से प्रदेश की जनता को संबोधित करते हुए इस योजना का जिक्र किया था।

सरकार महिलाओं को एक बार में 200 मास्क बनाने का ऑर्डर देगी। मास्क सूती कपड़े का बनाना होगा। मास्क इकट्ठा करने के लिए नगरीय निकायों में नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। इन अफसरों के पास मास्क जमा कराना होगा और महिलाओं को उसी दिन या अगले दिन बैंक खाते में मास्क की राशि भी मिल जाएगी।

पहले कॉल कर पंजीयन कराएं
घर पर मास्क बनाकर बेचने की इच्छुक महिलाओं को कॉल सेंटर के दूरभाष क्रमांक 0755-2700800 पर फोन कर पंजीयन कराना पड़ेगा। फिर उन्हें मास्क बनाने का ऑर्डर दिया जाएगा। इसके बाद वे काम शुरू कर पाएंगी।  बता दें कि अब तक राज्य की लगभग 4200 महिलाओं ने मास्क बनाने की योजना के लिए पंजीकरण कराया है 

274
14964 views

Comment