NEWS : विश्व मलेरिया दिवस पर जिले में चलेगा जागरूकता अभियान...
✍️पढ़े चुण्डावत श्याम सिंह की खबर
चित्तौड़गढ़। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर 25 अप्रैल को जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आमजन को मलेरिया के प्रति जागरूक कर इसे समाप्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वर्ष 2026 की थीम “Malaria: Now We Can, Now We Must” निर्धारित की गई है।
सीएमएचओ डॉ. ताराचंद गुप्ता ने बताया कि जिला, ब्लॉक, एसडीएच, सीएचसी, यूपीएचसी, उप स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों एवं गांव स्तर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में सभी चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. पुनीत कुमार तिवारी ने बताया कि 25 अप्रैल को आमजन को मलेरिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक रविवार को “सूखा दिवस” मनाने हेतु शपथ दिलाई जाएगी।
जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक एवं ट्विटर पर वीडियो संदेश साझा किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंच सके। साथ ही गतिविधियों के फोटो एवं वीडियो जिला स्तर पर प्रेषित किए जाएंगे।
जिलेभर में पेम्पलेट वितरण, पोस्टर प्रदर्शनी, नारा लेखन एवं आईईसी गतिविधियों के माध्यम से जनसमुदाय को जागरूक किया जाएगा। अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को आईईसी कॉर्नर के माध्यम से मलेरिया से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।
25 से 30 अप्रैल तक ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों को गति देने पर चर्चा होगी। इसी अवधि में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पेयजल समितियों की बैठकें भी आयोजित होंगी।
सीएमएचओ डॉ. गुप्ता ने चिकित्सा संस्थानों में हैचरी की साफ-सफाई कर उनमें पानी भरवाने तथा गम्बूशिया मछलियां डालने के निर्देश दिए हैं, जो मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने में सहायक होती हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी का उपयोग करें तथा बुखार आने पर तुरंत जांच करवाएं।