मलेरिया से बचाव के लिए स्वच्छता जरूरी तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्य भी
विश्व मलेरिया दिवस पर लॉयन्स क्लब
कुचामन सिटी:- कुचामन फोर्ट ने कच्ची बस्ती में श्रमदान कर बस्तीवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा एवं लॉयन विष्णु मोयल ने बस्ती पहुंचकर बस्तीवासियों के साथ श्रमदान कर कचरे को एक जगह इकठ्ठा किया। जिससे बस्ती स्वच्छ दिखाई देने लगी। इस मौके पर लॉयन राम काबरा ने बस्ती को रोज स्वच्छ रखने का संकल्प दिलाते हुए कहा दैनिक जीवन में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता जरूरी है तथा राष्ट्र के प्रति अपना कर्तव्य भी है। यदि स्वच्छता होगी तो पर्यावरण का संतुलन बना रहेगा। वातावरण भी साफ सुथरा होगा तथा स्वस्थ एवं खुशहाल राष्ट्र का निर्माण होगा। उन्होंने कहा मलेरिया के सामान्य लक्षण बुखार, सिर दर्द एवं उल्टी दस्त होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराए। बस्तीवासियों ने विश्वास दिलाया कि सब मिलकर बस्ती को स्वच्छ रखेंगे तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे।