पावर हाउस से 3 किमी दूर गिरा पोल, 24 घंटे बाद भी नहीं चेता विभाग
मेजा तहसील क्षेत्र के दर्जनों गांव इन दिनों भीषण बिजली संकट से जूझ रहे हैं। तेज गर्मी और उमस के बीच पिछले 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
जानकारी के अनुसार औता पावर हाउस अंतर्गत आने वाले ग्राम अकोढ़ा, टाई सरैया सहित कई गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पावर हाउस से लगभग 3 किलोमीटर दूरी पर बिजली का पोल गिरा पड़ा है, लेकिन इतने लंबे समय बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।
बिजली न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, पेयजल संकट गहराने लगा है और मोबाइल फोन तक डिस्चार्ज हो चुके हैं। सबसे अधिक दिक्कत छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तपती गर्मी में बिना बिजली के रहना बेहद मुश्किल हो गया है, लेकिन विभाग को जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं दिख रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, जबकि मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल गिरे हुए पोल को ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी।