उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश से नुकसान, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। बीते लगभग 24 घंटे में यूपी के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि समेत कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर पीड़ितों की मदद और मुआवजा जारी करने के निर्देश दिए हैं।
यूपी के बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल हानि की जानकारी सामने आई है। सीएम योगी ने जिलाधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर सर्वे पूरा कराने और संबंधित विभागों के साथ मिलकर मुआवजा जारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी जिलों के डीएम को राहत कार्यों को प्राथमिकता देने और मुआवजा राशि, बचाव अभियान समेत अन्य कार्यों की सोशल मीडिया पर नियमित अपडेट करने को भी कहा है।