हैवलॉक मैथोडिस्ट चर्च में विशेष आराधना सभा आयोजित, नर्सों और मणिपुर शांति के लिए की गई प्रार्थना
आगरा। हैवलॉक मैथोडिस्ट चर्च, आगरा में रविवार को एक विशेष आराधना सभा का भव्य आयोजन किया गया। इस सभा की खास बात यह रही कि इसका संपूर्ण संचालन, प्रार्थना सभा एवं अन्य सभी व्यवस्थाएं 'मेथोडिस्ट मेन' द्वारा अत्यंत श्रद्धा, अनुशासन और समर्पण के साथ संभाली गईं। यह पूरा कार्यक्रम चर्च के प्रीस्ट इन चार्ज रेव. अर्पण ई. जेकब की देखरेख और मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सभा के दौरान विशेष आराधना, सुसमाचार पाठ और परमेश्वर के पवित्र वचनों के माध्यम से उपस्थित मसीही समाज को गहरा आत्मिक संदेश दिया गया। इस विशेष अवसर पर रेव. अर्पण ई. जेकब द्वारा समाज में अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवा करने वाली नर्सों के लिए विशेष प्रार्थना की गई। उन्होंने नर्सों के सेवा भाव, समर्पण और मानवता के प्रति उनके अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नर्सें समाज में दया, करुणा और निस्वार्थ सेवा का जीवित उदाहरण हैं, जो दिन-रात मानव जीवन को बचाने और संवारने में समर्पित रहती हैं। इसके साथ ही, सभा में मणिपुर हिंसा में शहीद हुए पास्टर्स की आत्मा की शांति तथा वहां पुनः अमन-चैन और भाईचारा स्थापित होने के लिए भी विशेष रूप से प्रार्थना की गई। आराधना सभा की समाप्ति के बाद 'मेथोडिस्ट मेन' की ओर से चर्च में उपस्थित सभी विश्वासियों के लिए रिफ्रेशमेंट (अल्पाहार) की बेहद सुंदर व्यवस्था की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी जेकब लाल की विशेष उपस्थिति रही। इस गरिमामय आयोजन को सफल बनाने में मेथोडिस्ट मेन के प्रमुख सदस्यों में बिनयामिन, रिचर्ड, एंड्रू, एज़िकल, संजय फिलिप, राजेश शर्मा, क्लाइव, महेंद्र, इनोक लाल, रघुवीर, बी. के. मैसी, जय सिंह वरधान एवं संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे। पूरी सभा अत्यंत श्रद्धा, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।