बृज की रसोई सेवा प्रकल्प के तहत 2000 जरूरतमंदों को परोसा गया भोजन व शरबत
लखनऊ। ज्येष्ठ माह की भीषण गर्मी के बीच इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित बृज की रसोई सेवा प्रकल्प के अंतर्गत रविवार को आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन एवं शीतल शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था की ओर से लगभग 2000 से अधिक जरूरतमंद, असहाय, निराश्रित, बुजुर्गों, बच्चों और दिहाड़ी मजदूरों को प्रेमपूर्वक भोजन व शरबत वितरित किया गया।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने बताया कि बाबा नीम करौली जी की प्रेरणा और कृपा से संचालित इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंदों तक राहत, सम्मान और अपनत्व पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में शीतल शरबत और भोजन जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ सेवा कार्य को सम्पन्न कराया। संजय श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों की सेवा करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। वहीं विकास पाण्डेय ने बताया कि भोजन और शरबत पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर दिखी मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया।
गीता प्रजापति ने कहा कि बृज की रसोई केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में मानवता, सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का सतत प्रयास है। संस्था के आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि समाज के सहयोगियों और दानदाताओं के सामूहिक सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य लगातार संभव हो पा रहे हैं।
सी.एच. तिवारी ने कहा कि इस सेवा अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश पहुंचा है। वहीं बलवंत सिंह ने कहा कि तपती धूप में शरबत केवल पेय नहीं, बल्कि राहत, सुकून और जीवन की मुस्कान है।
कार्यक्रम में सी.एच. तिवारी, ए.पी. आचार्य, राजकुमार दीक्षित, जालिम सिंह, कृष्णा प्रजापति, अनुराग दुबे, नितिन प्रजापति, सत्यम, उमाशंकर यादव, आकाश शर्मा और गोविन्द सिंह ठाकुर सहित अनेक स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।