उल्हासनगर में कथित लव जिहाद मामला, युवक ने विजय बनकर की दोस्ती; जबरन निकाह और बीफ खिलाने का आरोप
महाराष्ट्र के उल्हासनगर से एक कथित ‘लव जिहाद’ का मामला सामने आया है। 27 वर्षीय हिंदू महिला ने आरोप लगाया है कि इमरान शेख नाम के युवक ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को ‘विजय’ बताया और इसी नाम से उससे दोस्ती की। महिला का कहना है कि बाद में इमरान ने उस पर दबाव बनाकर जबरन निकाह किया।
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद उस पर बुर्का पहनने, हिंदू रीति-रिवाज छोड़ने और बीफ (गोमांस) खाने का दबाव बनाया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इमरान हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
महिला का दावा है कि बच्चे के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया। उसने आरोप लगाया कि इमरान के माता-पिता और भाइयों ने भी उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की।
शिकायत के आधार पर सेंट्रल पुलिस स्टेशन में कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान शेख समेत उसके दो भाइयों सलमान और शाहबाज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।