logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धनबाद रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

गंगा-सतलज एक्सप्रेस से भेजी जा रही थी गांजा की खेप, एक तस्कर फरार

धनबाद | 21 मई 2026:-धनबाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे यार्ड में चल रहे गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड में खड़ी गंगा-सतलज एक्सप्रेस ट्रेन से गांजा की खेप बाहर भेजने की तैयारी की जा रही थी।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार रात करीब 8:20 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक बाइक से गांजा लेकर रेलवे यार्ड पहुंचे हैं और ट्रेन के जरिए उसकी तस्करी करने वाले हैं। सूचना मिलते ही धनसार थाना की गश्ती टीम और आरपीएफ ने काठपुल रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि एक युवक बाइक से उतरकर दूसरे युवक को बैग सौंप रहा है। पुलिस को देखते ही बाइक सवार आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि दो युवकों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उनके बैग से पांच अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब पांच किलो गांजा बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी मुकेश राम और जामताड़ा जिले के फतेहपुर निवासी राहुल कुमार मोदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पूछताछ में राहुल कुमार मोदी ने खुलासा किया कि वह रेलवे में अटेंडेंट का काम करता है और इसी का फायदा उठाकर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

छापेमारी अभियान में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, सीओ रामप्रवेश कुमार, आरपीएफ टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

रेलवे यार्ड में हुई इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस फरार आरोपी और पूरे नेटवर्क की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

6
240 views

Comment