logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पुलिस की तत्परता से हत्या का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पड़री पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप



मीरजापुर (पड़री ) : - जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पड़री पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के सनसनीखेज मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त गमछा, मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पड़री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त मोटरसाइकिल से ग्राम गौराराज की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बौड़री पहाड़ी के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने साहस और सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त अजय बिंद पुत्र राम कुमार निवासी सुखनई थाना मड़िहान के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से .315 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त गमछा, मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपने साथी राजन उर्फ साजन के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। अभियुक्त ने बताया कि दोनों मृतका से मिलने गए थे, जहां विरोध होने पर पत्थर और गमछे से उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया था।
थाना पड़री पुलिस द्वारा तत्परता, बहादुरी और सूझबूझ के साथ की गई इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध धारा 109 बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

80
2880 views

Comment