logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कब्रिस्तान से पतरिहा बॉर्डर तक सड़क निर्माण कार्य का भव्य शुभारंभ, वर्षों पुरानी समस्या से मिलेगी निजात

महुली/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत महुली में आज विकास का एक नया अध्याय जुड़ गया, जब कब्रिस्तान महुली से पतरिहा बॉर्डर तक बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य का शुभ उद्घाटन ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल द्वारा किया गया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लंबे समय से जर्जर रास्ते के कारण ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
बताया जाता है कि बरसात के दिनों में यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से प्रभावित हो जाता था, जिससे स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों एवं राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियां उठानी पड़ती थीं। कई बार लोगों को वैकल्पिक लंबा रास्ता अपनाना पड़ता था। ग्रामीण लगातार सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने गंभीरता से लेते हुए शासन-प्रशासन तक पहुंचाया।
ग्राम प्रधान ने पूर्व में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता को प्रस्ताव सौंपकर सड़क निर्माण की मांग की थी। जनसमस्या को देखते हुए प्रस्ताव को स्वीकृति मिली और आज सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने कहा कि ग्राम पंचायत महुली में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने ग्राम प्रधान एवं सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

135
4852 views

Comment