फतेहपुर में सनसनी: ग्राम प्रधान की 80 वर्षीय सास की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला क्षत-विक्षत शव
दोनों हाथ काटे, चेहरा जलाया; पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच में जुटी पुलिस
अरविन्द भारती संवाददाता
फतेहपुर
फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के किशोई गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्राम प्रधान की 80 वर्षीय सास का क्षत-विक्षत शव खेत में पड़ा मिला। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। शव की हालत इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों की रूह कांप उठी। मृतका के दोनों हाथ कटे हुए थे, जबकि चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा किसी एसिड या ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया था।
जानकारी के अनुसार किशोई गांव की ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी की सास फूलमती देवी दो दिन पहले खेत के पास बने मकान में अकेले रहने चली गई थीं। सोमवार तड़के करीब चार बजे वह शौच के लिए खेत की ओर निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। सुबह करीब साढ़े आठ बजे ग्रामीणों ने मकान से करीब 60 मीटर दूर सड़क किनारे खेत में उनका शव पड़ा देखा। कपड़ों के आधार पर शव की पहचान फूलमती देवी के रूप में हुई।
ग्रामीणों के मुताबिक एक हाथ पूरी तरह शरीर से अलग पड़ा था, जबकि दूसरे हाथ में केवल हड्डी बची थी। शव की स्थिति देखकर मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही खागा क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप, थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह और नौबस्ता चौकी इंचार्ज हिमांशु सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए फॉरेंसिक टीम को जांच में लगाया है।
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि मृतका के बेटे और बहू ने किसी प्रकार की दुश्मनी से इनकार किया है।
गौरतलब है कि ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी लगातार तीसरी बार प्रधान चुनी गई हैं, जबकि उनके पति अजीत सिंह प्रधान प्रतिनिधि हैं। घटना जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर नौबस्ता चौकी क्षेत्र के किशोई गांव की है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।